दिल्ली | छावला इलाके में सड़क पर गुस्से के दौरान बीच-बचाव कराना एक युवक को महंगा पड़ गया। झगड़ रहे एक युवक के पिता ने पड़ोसी युवक पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने के बाद पीड़ित विशाल तिवारी (25) को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए। विशाल के भाई विवेक के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक विशाल अपने परिवार के साथ कुतुब विहार काॅलोनी में रहता था। परिवार में बड़ा भाई विवेक व अन्य सदस्य हैं। रविवार देर रात को उसकी गली में रहने वाला हरिओम अपनी बाइक साफ कर रहा था। इस बीच गली में ही रहने वाले चंदन नामक युवक की स्कूटी उसकी बाइक से टच गई। इसके बाद दोनों में बहस हो गई। विशाल ने दोनों को चुप कर बीच-बचाव कराने का प्रयास किया। बार-बार विशाल चंदन से चुप रहने के लिए कह रहा था। इस बात पर चंदन भड़क गया। उसने विशाल को गाली देना शुरू कर दिया। कहासुनी के बाद चंदन वहां से चला गया। कुछ देर बाद चंदन अपने पिता बृज बिहार के साथ वहां पहुंचा और विशाल को धमकाने लगा।