भोपाल। सांप को देखकर ही लोगों के होश उड़ जाते हैं, लेकिन बिहार से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे पढ़ कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। बिहार के नवादा जिले में हाल ही में एक अजीब घटना सामने आई है। यहां के गांव में एक युवक, संतोष लोहार, जिन्हें सांप ने दो बार काट लिया, तो उन्होंने अपने दम पर सांप को उल्टे तीन बार काट दिया। इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। दरअसल 2 जुलाई की रात संतोष रेलवे लाइन बिछाने के बाद अपने बेस कैंप में सो रहे थे। इसी दौरान एक सांप ने उन्हें काट लिया। जिससे संतोष की नींद खुली ,जैसे ही उन्होंने देखा कि उन्हें सांप ने काटा है, तो उन्होंने लोहे के एक सरिये की मदद से सांप को अपने हाथों में ले लिया। इस दौरान सांप ने उन्हें दोबारा काट लिया और उसके बाद फिर क्या संतोष ने भी सांप को उल्टे तीन बार काट लिया। बताया जा रहा है कि संतोष ने सांप को इतनी जोर से काटा कि वह तुरंत मर गया। उसके बाद जैसे ही इस घटना की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को मिली, तो उन्होने संतोष को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां वह बिल्कुल ठीक हैं। संतोष ने इस घटना के बारे में बताया कि गांव की परंपरा के अनुसार कहा जाता है कि अगर सांप आपको एक बार काटे, तो आप उसे दो बार काट लो और दो बार काटे तो तीन बार काट लीजिए, ताकि सांप का जहर न फैले और सांप मर जाए। यह टोटका उनके लिए काम कर गया। यह घटना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।