स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजधानी में मौसम मेहरबान रहा। सूरज और बादलों की लुकाछिपी के बीच राजधानी के कई इलाकों में हल्की बरसात हुई। वहीं, बीच-बीच में हवा भी चलती रही।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अब अगले दो दिल हल्की वर्षा ही होने के आसार हैं, जबकि इसके बाद फिर से तीन दिन के लिए येलो अलर्ट रहेगा।

गुरुवार को सुबह से बादलों की आवाजाही चल रही थी। हालांकि, बीच-बीच में धूप भी खिल रही थी। ऐसे ही मिले-जुले मौसम में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की वर्षा देखने को मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 34.0 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 से 71 प्रतिशत तक रहा। वर्षा शाम साढ़े पांच बजे तक 3.4 मिली रिकॉर्ड की गई।

गुरुवार के लिए जारी किया गया था येलो अलर्ट

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि यूं गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था। लेकिन कहीं भी तेज वर्षा नहीं हुई। बाद में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी वापस ले लिया था।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और हल्की वर्षा होने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री जबकि अधिकतम 33 डिग्री रह सकता है। शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

रविवार से मंगलवार तक फिर तेज वर्षा होने की संभावना

इसके बाद बाद रविवार से मंगलवार तक फिर तेज वर्षा होने की संभावना बन रही है। इन तीनों दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।

गुरुवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 71 दर्ज किया गया

दूसरी तरफ वर्षा और हवा के असर से फिलहाल दिल्ली की हवा साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 71 दर्ज किया गया। इस स्तर की हवा को ''संतोषजनक'' श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो-तीन दिन एयर इंडेक्स इसी के आसपास बना रहेगा।