चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में आज होने वाले 69वें कन्वोकेशन समारोह के लिए देश के उप राष्ट्रपति और पीयू चांसलर एम वेंकैया नायडू चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उप राष्ट्रपति का पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने स्वागत किया। इसके बाद वेंकैया नायडू सीधा पीयू में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। कार्यक्रम में पंजाब और हरियाणा राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे।

कन्वोकेशन कार्यक्रम के दौरान 1128 रिसर्च स्कॉलर को पीएचडी डिग्री दी जाएगी। समारोह में कई वीआइपी सहित 1300 लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। कन्वोकेशन दो चरणों में होगा। मुख्य अतिथि एम वेंकैया नायडू छह विभिन्न हस्तियों को सम्मानित करेंगे। जबकि पीयू कुलपति कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में पीएचडी डिग्री वितरित करेंगे।