दाहोद | गुजरातभर में भीषण गर्मी कहर बरपा रही है| भीषण गर्मी अब लोगों की जान भी लेने लगी है| दाहोद जिले में लू के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई है| राज्य के कई शहरों में तापमान 43 डिग्री को पार कर गया है और लोग गर्मी से बेहाल हैं| दाहोद के घांचीवाड और सीगवडनामा में दोपहर को खेत में काम कर रही महिलाओं की मौत हो गई है| प्रारंभिक अनुमान से पता चला है कि दोनों महिलाओं की मौत गर्मी के कारण हुई है| बता दें कि तापमान 45 डिग्री से अधिक होने पर लोगों को चक्कर आने और लू लगने के कई मामले सामने आते हैं| जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बेवजह गर्मी में खासकर दोपहर के वक्त बाहर न निकलें|