लुधियाना। लुधियाना में युवक ने अपने ताया-ताई से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। जिस ताया ताई ने भतीजे को गोद ले रखा था। अपनी सारी जायदाद उसके नाम कर रखी थी। उसी दंपती के खिलाफ वीडियो वायरल करके युवक ने सल्फास निगल लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अब थाना डेहलों पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या को विवश करने के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ सुभाष चंद्र ने बताया कि उनकी पहचान गांव पमाली निवासी दलविंदर सिंह तथा उसकी पत्नी सुरजीत कौर के रूप में हुई।

पुलिस ने टिब्बा रोड के इकबाल नगर निवासी चमकौर सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ उक्त केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि दलविंदर सिंह तथा उसकी पत्नी सुरजीत कौर उसके भाई भाभी हैं। उनके अपने कोई औलाद नहीं है। इस लिए उसका 28 वर्षीय बेटा मनिंदर सिंह पिछले 4 साल से उसके भाई-भाभी के पास रहता था। वो दोनों मनिंदर सिंह को काफी तंग परेशान करते थे। जिससे तंग आकर 26 जनवरी की सुबह मनिंदर ने जहर निगल लिया।

इलाज के लिए उसे डीएमसी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। सुभाष चंद्र ने कहा कि जहर निगलने से पहले मनिंदर ने एक वीडियो बना कर वायरल किया था। जिसमें उसने कहा कि उसके ताया ताई उससे गुलामों की तरह काम कराते हैं। उसकी शादी के लिए जब भी कोई रिश्ता आता है तो वो कोई न कोई अड़चन डाल देते हैं। उन दोनों से परेशान होकर वाे अपनी जान देने जा रहा है।