महीसागर | गुजरात में सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश से कोहराम मचा हुआ है| सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में तो इतनी बारिश हो रही है कि जनजीवन पूरी तरह ठप सा हो गया है| शहर ही नहीं कई ग्रामीण इलाके जलमग्न हो गए हैं| नदी-नाले उफान पर हैं| लेकिन उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार किया जा रहा है| मध्य गुजरात के महीसागर जिले में महिलाओं ने बारिश के लिए महादेव को रिझाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं| महीसागर जिले की लूणावाडा तहसील के वेलणवाडा गांव की महिलाओं ने लूणावाडा के नंदकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया| जलाभिषेक भी ऐसा किया कि पूरा शिवलिंग पानी में डूब गया| महिलाओं ने मंदिर के गर्भगृह में इतना पानी भर दिया कि शिवलिंग जलमग्न हो गया और उसके बाद महिलाओं ने बारिश के लिए महादेव से प्रार्थना की| उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात के जिलों के लोग खासकर किसान अच्छी बारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं| जबकि दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र भारी बारिश से पानी पानी हो गए हैं| अपने क्षेत्र में अच्छी बारिश के लिए महीसागर जिले में महिलाओं ने शिवलिंग को पानी में डूबकर महादेव से प्रार्थना की|