नई दिल्ली। 'परदेस' फिल्म में मासूम सी दिखने वाली अभिनेत्री महिमा चौधरी को कौन नहीं जानता है। महिमा की जिंदगी उतार-चढ़ावों से भरी रही है। एक बार फिर अभिनेत्री की जिंदगी में भूचाल आ रहा है। वह आजकल ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। इस वीडियो में महिमा चौधरी बता रही हैं कि किस तरह अनुपम खेर ने उनसे एक प्रोजेक्ट के लिए संपर्क किया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में उन्हें बताया। साढ़े सात मिनट के इस वीडियो में महिमा बात करते हुए काफी भावुक नजर आती हैं। अपने सोशल पोस्ट में अनुपम खेर ने उन्हें कैंसर से लड़ने वाली 'हीरो' बताया है।
अनुपम की मानें तो हमारी अच्छी बातचीत हो रही थी और तभी उन्होंने मुझे बताया कि वो ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हैं। 
'परदेस' फिल्म में उनकी गंगा की भूमिका खूब प्रसिद्ध हुई थी। उनका जन्म 13 सितंबर 1973 को दार्जिलिंग में हुआ। अपनी हाई-स्कूल तक की पढ़ाई उन्होंने डाउन हिल स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई दार्जलिंग के लोरेटो कॉलेज से पूरी की। 1990 में पढ़ाई छोड़कर उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में अपना करियर शुरू किया। शुरुआत में, कुछ समय के लिए उन्होंने एक मॉडल के रूप में भी काम किया और कई मॉडलिंग असाइनमेंट पूरे किए।   महिमा को पहली बार पेप्सी के विज्ञापन में ऐश्वर्या राय के साथ देखा गया था। इसी दौरान वह 1990 में मिस इंडिया की विनर भी बनीं थीं।
सुभाष घई ने दिया बड़ा ब्रेक
अपने करियर के शुरुआत में उन्होंने कुछ चैनलों में वीडियो जॉकी के रूप में भी काम किया। यहीं जाने-माने निर्माता-निर्देशक सुभाष घई ने उन्हें पहली बार देखा था। उन्हें दखने के बाद घई ने अपनी एक फिल्म में उन्हें हीरोइन के रूप में साइन करने के बारे में सोच लिया था। इसके बाद उन्होंने उन्हें 1997 में रिलीज हुई फिल्म 'परदेस' में बहुत बड़ा ब्रेक दिया। इस फिल्म से महिमा चौधरी का एक्टिंग करियर शुरू हुआ। इसमें उनके साथ रोमांस करते दिखे बॉलीवुड के रोमांस किंग कहे जाने वाले शाहरुख खान। इस फिल्म के गाने आज भी गुनगुनाए जाते हैं। 
निजी जिंदगी में भी रहीं परेशानियां
महिमा ने साल 2006 में आर्किटेक्ट व्यवसायी बॉबी मुखर्जी से शादी की थी। उनकी शादी से एक बेटी है जिसका नाम एरियाना है। 2013 में महिमा, बॉबी मुखर्जी से अलग हो गईं। उनकी शादी 2011 तक सामान्य थी पर बाद में मीडिया में इस तरह की खबरें आईं कि आपस में चल रहे मतभेदों के कारण दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। महिमा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि बॉबी के साथ कई चीजों को लेकर अक्सर उनकी बहस हो जाती थी। उस शादी में वो खुश नहीं थीं। महिमा ने ये भी कहा था कि मुश्किल दिनों में उनके पति ने उनका साथ नहीं दिया था। महिमा अब अपनी बेटी एरियाना के साथ ही जिंदगी बिता रही हैं। तलाक के बाद महिमा ने बॉलीवुड में कमबैक करने की भी कोशिश की थी, लेकिन वो इसमें सफल नहीं हो पाईं।
एक हादसे से बर्बाद हुआ करियर
उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे एक कार एक्सीडेंट ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया था। उन दिनों महिमा जाने-माने निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा के साथ अजय देवगन और काजोल की 1999 में आई होम प्रोडक्शन फिल्म 'दिल क्या करे' में काम कर रहीं थीं। उस दौरान वह बंगलुरु में थीं। एक दिन जब वह शूट पर जा रही थीं, एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के शीशे टूटकर उनके चहरे में धंस गए। उस वक्त महिमा की हालत ऐसी थी कि शायद वो ना बच सके। वो बड़ी मुश्किल से अस्पताल पहुंच पाईं थीं क्योंकि कोई उन्हें अस्पताल नहीं ले जा रहा था। अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी मां और अजय देवगन उनसे मिलने आए थे। एक्सीडेंट के बाद जब उन्होंने पहली बार आईने में अपना चेहरा देखा, तो उनके होश उड़ गए। उनके पूरे चहरे पर सिर्फ टांके नजर आ रहे थे। डॉक्टर ने उनकी सर्जरी कर कांच के 67 टुकड़े उनके चेहरे से निकाले थे।
लंबे समय तक अंधेरे में रहना पड़ा
महिमा को इस हादसे के बाद खुद पर बहुत ध्यान देना पड़ा था। उन्हें सूरज की रोशनी में आने की मनाही थी, उनका कमरे में हमेशा अंधेरा रहता था। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके चेहरे पर कोई निशान न रहे, इसके लिए उन्हें रोशनी (जिसमें यूवी किरणें होती हैं) या किसी भी तरह की लाइट से दूर रहना था। यहां तक की वह खुद के चेहरे को कई दिनों तक नहीं देखती थीं।
फिल्मों से बन गई थी दूरी
इस घटना की वजह से महिमा को फिल्मों से दूर रहना पड़ा। जिस वक्त उनके साथ ये हादसा हुआ तब महिमा के पास बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्में थीं। उनका चेहरा बिगड़ जाने के कारण सभी ने अपने कदम पीछे कर लिए थे और हीरोइन के तौर पर दूसरी कलाकारों को साइन कर लिया था। महिमा बताती हैं कि हादसे के बाद से लेकर आखिर तक अजय देवगन ने उनका साथ कभी नहीं छोड़ा था। वो उनसे मिलने आते रहते। उन्होंने अपनी एक फिल्म में भी उन्हें बतौर गेस्ट काम दिया था, लेकिन उसके बाद महिमा ने हमेशा के लिए फिल्मों से दूरी बना ली। अब महिमा चौधरी की जिंदगी में एक और बड़ी मुसीबत आ गई है, उन्हें ब्रेस्ट कैंसर है, लेकिन महिमा को यकीन है कि वो इस मुश्किल से भी लड़कर बाहर निकलेंगी और फिर से बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाएंगी।