नोएडा में एक महिला को गाली देने के आरोप में श्रीकांत त्यागी को 9 अगस्त, 2022 को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गालीबाज श्रीकांत त्यागी को जमानत दे दी है। श्रीकांत त्यागी के वकील ने कहा कि त्यागी को गैंगस्टर मामले में जमानत मिल गई है। वकील ने कहा कि अब श्रीकांत त्यागी के जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। गालीबाज त्यागी को गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज मामले में जमानत दी गई है। जस्टिस सुरेंद्र सिंह की पीठ ने श्रीकांत त्यागी को जमानत दी है।

बता दें कि श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वो अपनी ही सोसाइटी की एक महिला के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसके बाद त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले को लेकर त्यागी ने कोर्ट से जमानत की मांग की थी। उसने अपने ऊपर दर्ज मुकदमों को दुर्भावना से प्रेरित बताया था। इलाहाबाद हाईकोर्ट में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से त्यागी की आपराधिक इतिहास पेश किया गया। कोर्ट ने त्यागी को इस मामले में राहत दे दी है। गालीबाज त्यागी को गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज मामले में जमानत दे दी गई है।