पंजाब के तरनतारन शहर में मंगलवार रात 12.30 बजे 4 आरोपी चर्च में दाखिल हुए।  उन्होंने गार्ड के सिर पर पिस्तौल रख उसकी बाजू को बांध दिया। CCTV में 2 आरोपी दिखाई दिए, जिन्होंने चर्च के बाहर लगी भगवान यीशू और मां मरियम की मूर्ति का सिर तोड़ दिया। आरोपियों ने मूर्ति का सिर अलग किया और उसे उठा कर साथ ले गए। पादरी की कार में भी आग लगा दी। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। इलाके में तनाव है। 3 दिन पहले जंडियाला के पास गांव में ईसाइयों व निहंगों के बीच झड़प हुई थी।

ईसाई धर्म के लोगों ने बुधवार सुबह पट्‌टी-खेमकरण राज्य मार्ग को बंद कर दिया है। धरने पर बैठे ईसाई इंसाफ और आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची है और लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को जंडियाला गुरु के गांव डडुआना में चल रहे ईसाई कार्यक्रम को निहंग सिखों ने रुकवा दिया था। निहंगों ने वहां तोड़फोड़ भी की थी। पुलिस ने इस घटना के बाद 150 निहंग सिखों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।