लुधियाना। जिले में कड़ाके की ठंड जारी है। हालांकि पिछले चार दिनों से मौसम साफ है और दिन में धूप निकल रही थी लेकिन रात का तापमान अब गिरने लगा है। सोमवार सुबह भी ठंड ने लोगों की कंपकपी छुड़ा दी। सुबह आठ बजे घनी धुंध छाई हुई थी और तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। धुंध के चलते राहगीरों को थोड़ी परेशानी हुई। इस दौरान चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल रही थी। वहीं दूसरी तरफ शहर की आबोहवा फिर से खराब होने लग गईं है।

एक्यूआइ 189 रिकार्ड किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 0-50 एक्यूआइ अच्छा होता है, जबकि 51-100 एक्यूआइ औसत होता हैं। वहीं 101-200 माडरेट, 201 से 300 खराब, 301 से 400 ज्यादा खराब और 400 से ज्यादा बेहद खतरनाक होता हैं। एक्यूआइ के बढ़ने से लोगों की सेहत पर असर पड़ेगा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 2 फरबरी तक मौसम साफ रहेगा। उसके बाद बारिश की संभावना है।