नई दिल्ली। एचसीएल टेक्नोलॉजी की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मलहोत्रा भारत की सबसे अमीर महिला कारोबारी हैं। वर्ष 2021 में उनकी संपत्ति 54 फीसदी बढ़कर 84,330 करोड़ रुपये हो गई। कोटक प्राइवेट बैंकिंग-हुरून की ओर से तैयार एक रिपोर्ट में कहा गया है कि नायका की मालकिन फाल्गुनी नायर की संपत्ति 57,520 करोड़ रुपये है। वे भारत की दूसरी सबसे अमीर महिला हैं। हालांकि खुद से कारोबार शुरू करने वाली महिलाओं के मामले में वह सबसे अमीर हैं। 59 वर्षीय नायर की संपत्ति 2021 में 963 फीसदी बढ़ी है। 

बायोकॉन की एमडी की संपत्ति में गिरावट
बायोकॉन की एमडी किरण मजूमदार-शॉ की संपत्ति 2021 में 21 फीसदी घटकर 29,030 करोड़ रुपये रह गई है। वह तीसरी सबसे अमीर महिला हैं। रिपोर्ट में ऐसी 100 महिलाओं को शामिल किया गया है जो भारत में जन्मी हैं और अपने कारोबारों को चला रही हैं। इनमें पेप्सिको की इंदिरा नूयी, एचडीएफसी लि. की रेणु सूद कर्नाड भी हैं। 

100 महिलाओं की संपत्ति 4.16 लाख करोड़
रिपोर्ट के अनुसार, कुल 100 अमीर महिलाओं की संपत्ति 2021 में 53 फीसदी बढ़कर 4.16 लाख करोड़ रुपये हो गई है। 2020 में यह 2.72 लाख करोड़ रुपये थी। इन महिलाओं का देश की जीडीपी में दो फीसदी का योगदान है। 100 महिलाओं में से 12 फार्मा से, 11 स्वास्थ्य से और 9 ग्राहकोपयोगी क्षेत्र से हैं। अपोलो की चार महिलाएं इस सूची में हैं।