चंडीगढ़ | डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम को पैरोल देने का मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंच गया है। हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए एडवोकेट एचसी अरोड़ा ने कहा कि राम रहीम को पैरोल देने के चलते शांति भंग होने का खतरा बेहद बढ़ गया है। राम रहीम यूट्यूब पर वीडियो डाल रहा है जो डिलीट की जानी चाहिए। राम रहीम के पैरोल पर बाहर आने के बाद से ही लगातार डेरा समर्थकों व आम लोगों के बीच तनाव का सिलसिला बढ़ने लगा है। हाई कोर्ट में दाखिल इस याचिका पर जल्द सुनवाई होगी।

इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट एचसी अरोड़ा ने हरियाणा सरकार को लीगल नोटिस जारी कर राम रहीम की पैरोल को रद्द करने की मांग की थी। हत्या और साध्वियों से यौन शोषण मामले में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम को कुछ समय पहले पैरोल दी गई थी।

एडवोकेट एचसी अरोड़ा ने लीगल नोटिस जारी करते हुए कहा कि राम रहीम बेहद गंभीर अपराधों का दोषी है और इस तरह के अपराधी को पैरोल का लाभ नहीं दिया जाना चाहिए। अरोड़ा ने लीगल नोटिस में राम रहीम की पैरोल को तुरंत रद्द करने की हरियाणा सरकार से मांग की है। अरोड़ा ने नोटिस में कहा कि इस प्रकार के अपराधी को खुद को प्रचारित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।