चंडीगढ़। मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ ने एक बार फिर  मौसम खराब होने का अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, आज सुबह ही शहर में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी न के बराबर है। सुबह धुंध की वजह से सैर के लिए कम ही लोग घरों से निकले। पहाड़ों में हुई बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में शीतलहर की चपेट में हैं। ठंडी बर्फिली हवाओं का असर चंडीगढ़ में भी पड़ रहा है। दिन में धूप खिलने के साथ ठंडी हवाएं लोगों को परेशान किए हुए हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री की गिरावट के साथ 16.6 डिग्री रहा और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक चंडीगढ़ सहित पंजाब और हरियाणा में आने वाले तीन दिनों लोगों को फिर से मौसम की मार झेलनी पड़ेगी। वहीं, कोहरा सबसे ज्यादा परेशान करेगा। बीते कुछ दिन से दिन में तीखी धूप खिल रही थी, लेकिन ये सिलसिला आगे नहीं रहेगा। क्योंकि मौसम विभाग ने बारिश की भविष्यवाणी कर दी है। ऐसे में दो फरवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है, जिसके चलते बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।