अहमदाबाद पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में आनलाइन प्रचार में जुटी भाजपा आगामी 25 जनवरी को गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक वर्चुअल रैली की तैयारी कर रही है। नमो एप व इंटरनेट मीडिया के जरिए इसमें पांच से सात लाख पेज समिति सदस्य शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने गुरुवार को करीब 40 हजार कार्यकर्ताओं से इसकी तैयारियों पर चर्चा की। गुजरात प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम से प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने गुरुवार को प्रदेश के 579 स्थलों पर पार्टी के 40 हजार मंडल कार्यकर्ताओं से आनलाइन चर्चा की। उन्होंने 25 जनवरी को गुजरात में होने वाली प्रधानमंत्री मोदी की वर्चुअल रैली की जानकारी दी तथा पेज समिति सदसयों को नमो एप व अन्य इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इस रैली में शामिल होने का आह्वान किया।