तापी | जिले के गोलण गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी ढहने से अफरातफरी मच गई| इस घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई| जबकि अन्य तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है| स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी की टंकी के निर्माण में हलकी गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा था| जानकारी के मुताबिक तापी जिले की सोनगढ़ तहसील के गोलण गांव में पानी की नई टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था, जो अचानक ढह गई| करीब 18 मीटर ऊंची पानी की टंकी ढहने से अफरातफरी मच गई| बताया जाता है कि यह घटना उस समय हुई जब टंकी के बोटम का स्लैब भरा जा रहा था| इस हादसे में अनिल हानजीभाई गामित नामक श्रमिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई| जबकि अमित अनिलभाई गामित, सुनील टकलियाभाई गामित और किशन संदीपभाई गामित गंभीर रूप से घायल हो गए| सभी घायलों को व्यारा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है| स्थानीय लोगों ने कोन्ट्रेक्टर पर पानी की टंकी के निर्माण में हलकी गुणवत्ता की सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाया है|