पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार सुबह अमृतसर में श्री दरबार साहिब में माथा टेका। इस दौरान उनके साथ नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, कार्यकारी प्रधान भारत भूषण आशु और कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजकुमार चब्बेवाल भी थे। इसके बाद उन्होंने श्री दुर्ग्याणा मंदिर और श्री रामतीर्थ में भी माथा टेका। इस दौरान वड़िंग ने कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी के कारण हमें बड़ा नुकसान हुआ और हम विधानसभा चुनाव हार गए। मैं कहना चाहता हूं कि कुछ चीजों को कांग्रेस परिवार के भीतर रखा जाना चाहिए और प्रचारित नहीं किया जाना चाहिए। इन चीजों को ठीक करते ही हम सत्ता में लौट आएंगे।