अहमदाबाद | गुजरात से सटे दमन में भाजपा नेता की हत्या से सनसनी फैल गई| दमन जिला भाजपा उपाध्यक्ष विकी हरि टंडेल उर्फ विकी कासी की तीक्ष्ण हथियार उसके छोटे अशोक कासी टंडेल ने हत्या कर दी| संपत्ति विवाद में अशोक टंडेल ने अपने सगे बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया| दमन पुलिस ने घटना के चंद घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया| बताया जाता है कि आरोपी अशोक टंडेल दो दिन पहले ही लंदन से लौटा है| जानकारी के मुताबिक दमन के बोराजीवा मुहल्ले में रहनेवाले जिला भाजपा उपाध्यक्ष विकी हरी टंडेल के घर में अचानक एक नकाबपोश शख्स घुस आया| घर में अचानक नकाबपोश शख्स ने विकी टंडेल पर तीक्ष्ण हथियार से जानलेवा हमला कर दिया और वहां से फरार हो गया| हमले में गंभीर रूप से घायल विकी टंडेल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया| घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक विकी टंडेल के भाई अशोक टंडेल को हिरासत में पूछताछ शुरू की| शुरुआती ना नुकूर के बाद पुलिस की शख्ती के आगे अशोक टंडेल टूट गया और उसने अपने बड़े भाई विकी टंडेल की हत्या की बात कबूल कर ली| पूछताछ में पता चला कि विकी और अशोक के बीच संपत्ति को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था और उसी के चलते एक भाई को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा| आरोपी अशोक टंडेल दो दिन पहले ही लंदन से दमन लौटा है और वह भी भाजपा का पदाधिकारी रह चुका है| लंदन से लौटने के बाद अशोक ने संपत्ति विवाद में अपने सगे बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया|