लुधियाना। पंजाब में माैसम फिर करवट ले रहा है। अब सुबह और रात काे ठंड बढ़ने लगी है। पिछले 10 दिनों से मौसम साफ है। दिन में तेज धूप निकल रही है। लेकिन वीरवार से मौसम बदलने जा रहा है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार तक पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, पटियाला, बरनाला, मानसा सहित पूर्व मालवा के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।इस दौरान पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी है। जिससे दिन में ठंड का अहसास बढ़ेगा। अभी सुबह व रात को ही ठंड महसूस हो रही है। हालांकि शनिवार से मौसम दोबारा से साफ हो जाएगा।