झारखण्ड |  मास्क नहीं पहनना एक बाइक चोर को मंहगा पड़ गया। पुलिस ने जब मास्क जांच करने के दौरान उसका जुर्माना काटना चाहा तो पता चला कि बाइक ही चोरी की है। घटना झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ की है। दरअसल जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्र में मास्क जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में झरिया कतरास मोड़ पर पुलिस मास्क जांच अभियान चला रही थी। उसी वक्त एक युवक वहां से बिना मास्क के बाइक पर जा रहा था। पुलिस ने जब उसे रोक जुर्माना काटने की प्रक्रिया शुरु की और बाइक की डिटेल मांगी तो युवक भागने की कोशिश करने लगा। तभी वहां खड़े पुलिस कर्मियों ने उसे दबौच लिया। पुछताछ हुई तो उसने कबूल कर लिया की बाइक चोरी की है। पकड़े युवक का नाम जितेन मोदक है। बताया कि वह चंदनकियारी में रहता है। जिस बाइक से वह घुम रहा है उसे वर्ष 2019 में पश्चिम बंगाल के आद्रा से चोरी की गयी थी। इस बाइक को उन लोगों ने नहीं बेचा था। इसका निजी इस्तेमाल किया जा रहा था। जिसके कारण वह आखिरकार पकड़ा गया।

अंतर जिला बाइक चोर गैंग का है सदस्य मामले में एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि अभी तक की पुछताछ में पता चला है कि वह अंतर जिला बाइक चोर गैंग का सदस्य है। जामताड़ा, बोकारो, गिरीडीह में इस गैंग के काफी सदस्य है। यह लोग बंगाल व बिहार से भी बाइक चुरा कर लेकर आते है। और इन्हीं जिलों में इसे खपा देते है। कई बाइक तो यह लोग कोयला चोर व लोहा चोरी करने वाले लोगों को तीन से चार हजार रुपये में दे देते है। बताया की उसकी निशानदेही पर पुलिस छापामारी में भी जुट गयी है। गैंग के दूसरे सदस्यों को भी पकड़ा जाएगा। फिलहाल आरोपित युवक को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।