पटना | बेगूसराय गोलीकांड में बिहार पुलिस को तीन दिन बाद बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस दिल दहला देने वाली वारदात में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, दो आरोपियों की गिरफ्तारी शुक्रवार सुबह की गई है तो दो को गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया था।शुक्रवार सुबह एक आरोपी को पुलिस ने चलती ट्रेन से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान केशव मौर्य के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रहा था। झाझा पुलिस को इसकी सूचना मिली। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा और बेगूसराय पुलिस के हवाले कर दिया। बेगूसराय में बीते मंगलवार को बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था। दो हथियारबंद बदमाशों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 28 और 31 पर कई स्थानों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस वारदात में 10 लोगों को गोली लगी थी। वहीं 31 साल के चंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। बदमाश करीब 30 किलोमीटर तक गोलियां बरसाते रहे। घटना के बाद पूरे बिहार में दहशत फैल गई थी। हालांकि, आरोपियों का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया था।