नई दिल्ली। क्या आप यकीन कर सकते हैं कि चार साल के बेटे की मां दुनिया की सबसे तेज धाविका बन सकती हैं लेकिन ऐसा ही हुआ है। चार साल के बेटे ज्योन की मां यानी शैली एन फ्रेजर 14 साल पहले पहली बार ओलंपिक में 100 मीटर की रेस जीतकर स्प्रिंट क्वीन बनीं थीं। अगले ही साल उनकी झोली में 100 मीटर का पहला विश्व खिताब भी आ गया था। और अब एक मां बनने के बाद बीते रविवार को वह दुनिया की सबसे तेज धाविका बन गईं। जमैका की शैली एन फ्रेजर के लिए बढ़ती उम्र कोई मायने नहीं रखती है, क्योंकि 35 साल की उम्र में रविवार की शाम वह एक बार फिर दुनिया की सबसे तेज धाविका बन गईं। शैली ने पांचवीं बार विश्व चैंपियनशिप में 100 मीटर का खिताब जीता। उन्होंने 10.67 सेकंड का समय निकाला। जमैका की धाविकाओं ने इस रेस में क्लीन स्वीप किया।  शेरिका जैक्सन ने 10.73 सेकंड के साथ रजत और टोक्यो ओलंपिक चैंपियन एलीन थांप्सन हेराह ने 10.81 सेकंड के साथ कांस्य जीता। बीजिंग व लंदन ओलंपिक की 100 मीटर की चैंपियन शैली एन फ्रेजर ने पिछले 23 साल से स्थापित मरियन जोंस के विश्व चैंपियनशिप के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए स्वर्ण जरूर झटक लिया। जोंस ने 1999 में 10.70 सेकंड के साथ चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाया था। 

यह रिकॉर्ड भी नाम
शैली ने 2009 में पहली बार विश्व चैंपियन बनने के बाद 2013, 15 और 2019 में विश्व खिताब जीता।बेटे ज्योन के पैदा होने के बाद शैली 2019 और 2022 में चैंपियन बनी हैं।शैली ने 13 स्वर्ण पदक जीते हैं विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक में10 स्वर्ण उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में और तीन ओलंपिक में जीते हैं। ये स्वर्ण उन्होंने 100 मीटर और चार गुणा 100 मीटर रिले में हासिल किए हैं।