- बिल्डर ने सभी को भेजा मेंटेनेंस जमा करने का नोटिस
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित केएम रेजीडेंसी में दो एओए बनने से निवासी परेशान हैं। दोनों एसोसिएशन मेंटेनेंस वसूल रही हैं। इस मामले में पुरानी एओए ने डिप्टी रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर दूसरी का रजिस्ट्रेशन अवैधानिक तरीके से किए जाने और मेंटेनेंस अवैध तरीके से वसूले जाने का आरोप लगाया है। इस संंबंध में डिप्टी रजिस्ट्रार ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया है। उधर बिल्डर ने सभी को नोटिस भेज जल्द मेंटेनेंस जमा करने को कहा है।
पुरानी अलॉटी वेलफेयर एसोसिएशन के एओए अध्यक्ष अमित प्रधान का कहना है कि हमारी एसोसिएशन पहले से रजिस्टर्ड है। उसके बाद दूसरी बनाकर मेंटेनेंस चार्ज वसूला जा रहा है। यह सरासर गलत है। उपाध्यक्ष सर्वेश कुुमार का कहना है कि हमने डिप्टी रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर पूछा है कि एक एसोसिएशन के होते दूसरी कैसे रजिस्टर्ड हुई और हो गई तो क्या उसे भी मेंटेनेंस शुल्क वसूलने का अधिकार है। हमें इसका जवाब चाहिए। इससे लोग परेशान और असमंजस में हैं।
दूसरी केएम रेजीडेंसी सोशल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर त्यागी का कहना है कि यहां समस्याओं का अंबार है। बिजली के तार गले पड़े हैं। बिजली लोड अधिक है, क्षमता कम है। एसटीपी में 2019 से ही पानी भरा हुआ है, जो आज तक नहीं निकला, न यह काम करता है। पानी की मोटर की हॉर्स पावर कम है। यहां 415 फ्लैट हैं, जिसमें करीब दो हजार लोग रहते हैं। अव्यवस्था से परेशान हैं। हमने प्रशासन को पत्र लिखने के बाद अपनी कमेटी बनाई, ताकि शुल्क लेकर लंबित कार्य कराए जाएं। डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया है।

2019 से लोगों ने यहां रहना शुरू किया। तबसे लेकर काफी लोग मेंटेनेंस नहीं दे रहे हैं। ऐसे लोगों पर साढ़े छह करोड़ रुपये बकाया हैं। बिना पैसे के काम कैसे होंगे। अब सबको नोटिस भेजा है। जमा नहीं करने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। -हरेंद्र खोखर, बिल्डर केएम प्राइवेट लिमिटेड