लंगूरों की आवाज निकालने वालों को दिल्ली विधानसभा में मिलेगी नौकरी
दिल्ली। अगर आप लंगूर की आवाज निकालना जानते हैं तो आपको दिल्ली विधानसभा में नौकरी मिल सकती है। इसके लिए बकायदा निविदा जारी की गई है। इसके लिए आपको आठ घंटे काम करना होगा।
अधिकारियों के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के आसपास काफी संख्या में बंदर हैं जो आए दिन परिसर में घुसकर कामकाज प्रभावित करते हैं। यह अक्सर तारों और डिश एंटिना पर कूदते हैं और उन्हें तोड़ देते हैं, जिससे परिसर में सुरक्षा और संपत्ति दोनों को खतरा रहता है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने लंगूर की आवाज की नकल करने में सक्षम प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती के लिए निविदा जारी की है। यह बंदरों को बिना नुकसान पहुंचाए डराने का एक प्रभावी और मानवीय तरीका माना जाता है। विशेषज्ञ बंदरों को डराने के लिए एक लंगूर भी लाएंगे। इससे पहले लंगूर के पुतले लगाने की भी योजना थी, लेकिन अधिकारियों की मानें तो बंदर अब उनसे डरते नहीं, बल्कि वह उन पुतलों के ऊपर बैठ जाते हैं। एक अधिकारी ने बताया कि उनके पास लंगूर की नकल करने वाले लोग थे, लेकिन उनका अनुबंध समाप्त हो गया। अब लंगूरों की आवाज की नकल करने में सक्षम प्रशिक्षित लोगों को नियुक्त करने के लिए एक नया निविदा जारी की गई है।