फॉर्च्यून रेजिडेंसी में जिस कालातीत सदस्यों का हो रहा था विरोध, उसी ने दर्ज की जीत
- एफएएफ के सात और एफएसएस के तीन सदस्य जीते
- तीसरी एक परिवार पार्टी का सूपड़ा साफ
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित फॉर्च्यून रेजिडेंसी में ऑनर्स अपार्टमेंट एसोसिएशन के चुनाव में जिस कालातीत सदस्यों का विरोध हो रहा है, उसी एफएएफ (फॉर्च्यून ए फेमिली)पार्टी के सात सदस्यों ने जीत हासिल की, दूसरी फॉर्च्यून सेवक संघ (एफएसएस) के तीन सदस्य जीते। एक परिवार पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया।
रविवार को संपन्न हुए चुनाव के परिणाम देर रात घोषित किए गए। 666 मतदाताओं में से 512 ने वोट डाले। चुनाव अधिकारी ऋचा चौधरी ने मतगणना के विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिए। फॉर्च्यून ए फेमिली (एफएएफ) के विजय वर्गीय को सबसे अधिक वोट पड़े। इसी पार्टी के मनोज कुमार, अजीत उपाध्याय, संतोष कुमार, नितिन शर्मा, विनय शर्मा, सीमा सक्सेना ने जीत दर्ज की। एफएसएस से अरुण मिश्रा, अरविंद त्यागी और चंद्रमोहन शर्मा विजयी हुए। समय से चुनाव न कराने के लिए कालातीत घोषित एफएएफ पार्टी से लोग काफी नाराज थे और अनियमितता के आरोप भी लग रहे थे। बावजूद इसके इसी पार्टी पर निवासियों ने सबसे अधिक भरोसा जताया। चुनाव में तीन टीमों के कुल 26 उम्मीदवार मैदान में थे।विजेता विजयवर्गीय ने बताया कि जल्द ही बैठक कर पदाधिकारियों का चुनाव किया जाएगा।
सोसायटी में 924 फ्लैट हैं। जिसमें करीब 3500 लोग रहते हैं।
-------------------------------------------------------------------
हाई एंड पैराडाइज में निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
- गजेंद्र सिंह तेवतिया अध्यक्ष, गीता सक्सेना बनीं उपाध्यक्ष
- कोषाध्यक्ष पद पर दो लोगों के बीच हुए मुकाबले में राजेंद्र प्रसाद जीते
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित हाई एंड पैराडाइज में अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित सभी सदस्य निर्विरोध चुने गए, केवल कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव कराए गए। जिसमें राजेंद्र प्रसाद ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष गजेंद्र सिंह तेवतिया बने हैं।सोसायटी की ओर से बनाई गई चुनाव समिति में जेपी सिंह, भारत राणा, देवेंद्र कुमार, तरुण मलिक, कार्तिक, निशा चौहान एवं डॉ. आयुषी प्रकाश शामिल रहे। समिति को कुल 10 नामांकन प्राप्त हुए। जिसमें आठ सदस्य निर्विरोध चुने गए। जिसमें गजेन्द्र सिंह तेवतिया को अध्यक्ष, गीता सक्सेना को उपाध्यक्ष, डॉ. कमलदीप त्यागी को सचिव और चंदन सिंह को उप सचिव चुना गया। अजय कुमार, अभिषेक राठी, गगन मुंजाल और मीनाक्षी प्रसाद को भी निर्विरोध सदस्य चुना गया। कोषाध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र प्रसाद और यतेश बाना के बीच चुनाव कराया गया। जिसमें यतेश बाना को और राजेंद्र प्रसाद को 164 मत प्राप्त हुए। उप सचिव चंदन सिंह ने बताया कि चुनाव समय से शांतिपूर्वक संपन्न करा दिए गए। इस सोसायटी में 362 फ्लैट हैं, जिसमें एक हजार से अधिक लोग रहते हैं।
