एओए चुनाव प्रचार में जोर-शोर से जुटीं टीमें
- गुलमोहर गॉर्डन और सेवी विला डे में 22 को होने हैं चुनाव
- दो-दो टीमें हैं मैदान में, विकास और पारदर्शिता है मुख्य मुद्दा
गाजियाबाद। अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के चुनाव में राजनगर एक्सटेंशन की दो सोसायटियों जोर-शोर से जुटी हुई हैं। यहां की गुलमोहर गॉर्डन और सेवी विला डे में 22 मार्च को चुनाव होने हैं। दोनों ही सोसायटी में दो-दो टीमें और एक-एक निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव में खड़ा है। विकास और पारदर्शिता के मुद्दों पर चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है।
गुलमोहर गॉर्डन में दो टीम उन्नति और टीम संकल्प मैदान में हैं। दोनों के 10-10 प्रत्याशी चुनाव में खड़े हैं। इसके अलावा सीमा गिल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में खड़ी हैं। यहां फेज-1 में 655 और फेज-दो में 680 मतदाता हैं। इस प्रकार कुल 1335 वोटर मतदान करेंगे। पूर्व अध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि चुनाव प्रचार जोरों से चल रहा है। चुनाव 10 से शाम पांच बजे तक चलेगा। पूर्व सचिव रवि ओझा ने बताया कि इस बार चुनाव में मुख्य मुद्दा विकास, पूरा हैंडओवर और आईएफएमएस का पैसा है, जो बिल्डर से लेना है।
सेवी विला डे में भी एसवीडी परिवार और एसवीडी ऑनर्स दो टीमें मैदान में हैं। एक निर्दलीय उम्मीदवार खड़े हैं। एसबीडी परिवार से ने नौ प्रत्याशी और एसबीडी ऑनर्स से चार प्रत्याशी मैदान में हैं। ऑनर्स के छह प्रत्याशियों को तथ्य छुपाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिसे शुक्रवार को डिप्टी रजिस्ट्रार ने बहाल कर दिया। निवासी सत्यजीत ने बताया कि यहां पिछली फरवरी में चुनाव हुए थे, जिसे जून में एसडीएम कोर्ट ने निरस्त कर दिया। इसके बाद बनाए गए चुनाव अधिकारी ने चुनाव नहीं कराया। अब नए जिला बचत अधिकारी मयंक कुमार को नया चुनाव अधिकारी बनाकर मतदान कराए जा रहे हैं। मतदान रविवार को सुबह 10 से तीन बजे तक होगा। यहां 590 मतदाता हैं। पारदर्शिता और विकास मुख्य मुद्दा है। दोनों सोसायटियों के विजेताओं की घोषणा मतगणना के बाद उसी दिन रात तक हो जाएगी।
