गाजियाबाद। अगर आपका बच्चा भविष्य की योजनाओं को लेकर असमंजस में है और उसे कौन का कोर्स करना चाहिए, कहां से करना चाहिए, कौन से संस्थान से करना चाहिए, यह तय नहीं कर पा रहा है तो उसके लिए आप उसे माध्यमिक शिक्षा परिषद के पंख पोर्टल से गाइडेंस लेने की जानकारी दे सकते हैं। इसमें 550 से अधिक कोर्सों की संपूर्ण जानकारी दी गई है।

गुणवत्तापरक शिक्षा और बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रदेश में पांच पोर्टल चलाए जा रहे हैं। जिनमें बच्चों, स्कूल और शिक्षकों के लिए लाभप्रद जानकारी दी गई है। पंख पोर्टल बच्चों को भविष्य में किए जाने वाले कोर्स के लिए जागरूक करने के लिए बनाया गया है। इसमें इंजीनियरिंग, एयरोनॉटिकल, चिकित्सा क्षेत्र, साइबर क्षेत्र, ऑटोमोबाइल सेक्टर, कृषि क्षेत्र सहित उन तमाम क्षेत्रों में कोर्साें की जानकारी दी गई, जिसमें बच्चों की रुचि हो। वह इसके माध्यम से संस्थान से लेकर फीस, एडमिशन का समय, कब आवेदन होंगे, हर प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि यह नवीं से 12 कक्षा तक के बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए बेहद कारगर पोर्टल है। इस समय बच्चे भविष्य में किए जाने वाले कोर्स को लेकर असमंजस में होते हैं। यह उसे दूर करेगा। बच्चे अपने रजिस्ट्रेशन नंबर से लॉगइन करके इसे खोलकर पूरी जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा प्रज्ञान पोर्टल पर डिजिटल लाइब्रेरी है। जिसमें देश-दुनिया की विभिन्न प्रकार की किताबें हैं। यह दोनों की पोर्टल बच्चों के लिए बहुत उपयोगी हैं।

चलाए जा रहे हैं पांच पोर्टल
1. पंख- यह कैरियर गाइडेंस के लिए बनाया गया पोर्टल है।

2. प्रज्ञान- इसमें डिजिटल लाइब्रेरी है।
3. पहचान- इसमें स्कूल बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराते हैं। इसमें आप पूरे प्रदेश के स्कूलों की जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त कर सकते हैं।
4. परख- यह स्कूलों के निरीक्षण के लिए बनाया गया पोर्टल है। इसमें शिक्षक और अधिकारी निरीक्षण का पूरा ब्योरा देते हैं।

5. पहुंच- यह पोर्टल उन असेवित जगहों की जानकारी उपलब्ध कराता है, जहां अभी तक स्कूल नहीं हैं। ऐसे जगहों को चिन्हित करने के बाद स्कूल खोलने की योजना बनाई जाती है।