दिल्ली। कल एक जनवरी 2026 से कई बदलाव होने जा रहे हैं। जिनके प्रति आप भी सजग हो जाइए और अभी तक अगर जानकारी न हो तो जान लीजिए कुछ जरूरी बातें। 
कल से यूपीआई, पैन कार्ड समेत कई चीजों से जुड़े नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। किसानों के लिए सरकारी योजनाओं और क्रेडिट स्कोरिंग नियमों में भी बदलाव किए जा रहे हैं।
पैन और आधार नंबर को लिंक करने की अंतिम तिथि आज साल के अंतिम दिन यानी 31 दिसंबर, 2025 तक है और यदि यह अवधि समाप्त हो जाती है तो आपको कई सेवाएं मिलना बंद हो जाएंगी और पैन और आधार को लिंक करने के लिए जुर्माना भी देना होगा। यदि पैन और आधार कार्ड लिंक नहीं हैं, तो टैक्स भरने और रिफंड प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। आपको मिलने वाले कुछ कुछ वित्तीय सुविधाएं बंद भी हो सकती हैं। आपके मौजूदा बैंक खाते तो चालू रहेंगे, लेकिन केवाईसी अपडेट नहीं होगी। इस वजह से नए निवेश करना मुश्किल हो जाएगा।
यह काम मु​श्किल नहीं है। आप आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 'आधार लिंक करें' विकल्प पर क्लिक करके ऐसा कर सकते हैं। 
किसानों को वर्तमान में पीएम किसान योजना के तहत वित्तीय मदद मुहैया कराई जाती है। इसके कुछ नियमों में 1 जनवरी से बदलाव हो रहे हैं। कुछ राज्यों में किसानों के लिए एक विशेष पहचान पत्र बनाया जाएगा। पीएम किसान योजना के तहत राशि प्राप्त करने के लिए यह पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।
हाल ही में कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने संसद को बताया कि 14 राज्यों में किसान रजिस्ट्रेशन का काम शुरू कर दिया गया है, जहां नए रजिस्ट्रेशन के लिए सिर्फ़ किसान पहचान पत्र की जरूरत होती है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' के तहत, यदि जंगली जानवरों के कारण आपकी फसलें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, तो आपको मुआवजा मिल सकता है, लेकिन नुकसान की रिपोर्ट 72 घंटे के भीतर देनी होगी।
सातवें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त हो रहा है, इसलिए, आठवें वेतन आयोग के 1 जनवरी, 2026 से अस्तित्व में आने की उम्मीद है, लेकिन इस बारे में अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं है। हाल ही में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद में कहा था कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि आठवां वेतन आयोग 1 जनवरी, 2026 से लागू होगा या नहीं।

क्रेडिट स्कोर हर सप्ताह होगा अपडेट
आजकल किसी भी तरह का लोन लेने के लिए क्रेडिट स्कोर का होना जरूरी है। इसके नियम भी बदलने जा रहे हैं। अभी तक क्रेडिट एजेंसियां ​​हर 15 दिनों में क्रेडिट डेटा अपडेट करती हैं, लेकिन अब से इस डेटा को हर सप्ताह अपडेट करना होगा। अगर आपने कोई ईएमआई नहीं चुकाई है और इसकी वजह से आपका क्रेडिट स्कोर गिर गया है तो नियमित ईएमआई चुकाना शुरू करने के बाद आपका स्कोर जल्दी सुधर सकता है।

सिम सत्यापन के नियम भी कड़े किए जाएंगे
धोखाधड़ी की कई शिकायतें मिली हैं, खासकर व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे ऐप्स के जरिए। इसी वजह से सिम सत्यापन को और सख्त बनाया जा रहा है।