- पुष्प प्रदर्शनी में अर्चना प्रमोद लोगों को कर रहीं जागरूक

- दो से तीन पत्तियां शुगर, बीपी, जोड़ों के दर्द को भगा सकती हैं

गाजियाबाद। हमारे आसपास ऐसे कई पौधे हैं, जिनकी दो से तीन पत्तियां प्रतिदिन खाने से हम बहुत सारी बीमारियों को दूर भगा सकते हैं। कुछ ऐसे ही पौधों के बारे में पुष्प प्रदर्शनी में अर्चना प्रमोद लोगों को जागरूक कर रही हैं।

ट्रांस हिंडन के रामप्रस्थ सोसायटी की रहने वाली अर्चना ने प्रदर्शनी में जीवन रक्षक पौधों का कॉर्नर बनाया है। वह कहती हैं कि बहुत सारे पौधों में औषधीय गुण होते हैं, जिनकी खुराक से हम रोग भगा सकते हैं, हालांकि इनका सेवन अपनी शरीर की प्रकृति के अनुसार करना चाहिए। अर्चना कहती हैं कि इंसुलिन के दो, तीन पत्ते प्रतिदिन खाने या चटनी बनाकर खाने से शुगर कंट्रोल होता है। गुड़मार भी यही काम करता है, हालांकि वह थोड़ा कड़वा होता है। बारहमासी पौधा भी शुगर को कंट्रोल करता है। इससे सबसे पहले कैंसर की दवा भी बन चुकी है। यह बेहद उपयोगी होता है। अमलताश, अमरूद के पत्ते खाने से एसिडिटी दूर होती है, जो सब बीमारियों की जड़ है। गिलोय और एलोवेरा एंटी फंगल इंफेक्शन को दूर करता है। इसके अलावा बेल, जामुन, पीपल, नीम, सिंघपरनी, ब्राम्ही, अपराजिता कई प्रकार के पौधे बेहद उपयोगी होते हैं। पारिजात की पत्ती साटिका और जोड़ों के दर्द के लिए रामबाण है। वह कहती हैं कि बहुत सारे पौधे हमें दवाइयों से दूर कर सकते हैं। वह अपनी सोसायटी में भी लोगों को इसके बारे में जागरूक करती हैं।