नागरिक स्वस्थ रहेंगे तो मजबूत होगा राष्ट्र : राष्ट्रपति मुर्मू
गाजियाबाद। स्वास्थ्य सेवाएं राष्ट्रीय विकास का अभिन्न अंग हैं और सरकार इस ओर लगातार काम कर रही है। जरूरी है कि देश के हर व्यक्ति को समुचित इलाज मिले। जब देश के नागरिक स्वस्थ रहेंगे, तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा। यह बातें रविवार को इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी के उद्घाटन के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहीं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और इस पेशे से जुड़े हुए लोग स्वस्थ, विकसित भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मैं यशोदा मेडिसिटी परिवार को भी बधाई देती हूं ।
इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा कि आज देश स्वास्थ्य सेवाओं में आत्मनिर्भर हो रहा है। प्रधानमंत्री का सपना हर किसी को घर-घर जाकर इलाज देने का है। आज आयुष्मान भारत के तहत प्रत्येक गरीब व्यक्ति को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का इलाज मिल रहा है। उन्होंने मेडिसिटी के चेयरमैन डॉ. पी एन अरोड़ा की तारीफ करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए बधाई दी ।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब राज्य के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली में नहीं भटकना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश, इनोवेशन और गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। 'यशोदा मेडिसिटी' इसका सशक्त उदाहरण है। उद्घाटन समारोह में आए देश-विदेश के जाने-माने डॉक्टरों ने भी अपने विचार रखें और यशोदा मेडिसिटी की टेक्नोलॉजी व सुविधाओं की प्रशंसा की । समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, क्षेत्रीय सांसद अतुल गर्ग सहित विधायक ,पार्षद और दिल्ली-एनसीआर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे । अंत में मेडीसिटी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शुभांग अरोड़ा और एमडी उपासना अरोड़ा ने सभी का धन्यवाद किया। आठ एकड़ में फैले इस अस्पताल में 1200 बेड्स हैं और 65 से ज्यादा स्पेशिलिटीज हैं। इसे अमेरिकी ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल द्वारा लीड सर्टिफिकेट के लिए रजिस्टर्ड किया गया है। यहां 22 से ज्यादा मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर ,10 से ज्यादा एडवांस्ड एंडोस्कोपी सुइट्स और 252 प्लस हाइटेक वाले मॉड्यूलर आईसीयू शामिल हैं। इसमें एक एडवांस्ड इमरजेंसी और ट्रॉमा कमान सिस्टम भी है, जो एमआरआई ,सीटी स्कैन और हार्ट स्ट्रोक कमांड यूनिट्स को अत्याधुनिक कैथ और डीएसए लैब के साथ इंटीग्रेट करता है। इसमें कई प्रमुख जैसे कैंसर केयर , कार्डियक साइंस ,न्यूरोसाइंस ,ऑर्गन ट्रांसप्लांट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, रेस्पिरेट्री मेडिसिन , ऑर्थोपेडिक्स, यूरोलॉजी नेफ्रोलॉजी, न्यूरोसर्जरी विभाग शामिल हैं।