लंबित जन शिकायतों पर कार्रवाई करा रहीं गीता
- खुले सीवर बंद कराने, पानी के लीकेज, कूड़े का निस्तारण की शिकायतों को निपटा रहीं
- बिना साइट पर जाए आईआरजीएस की शिकायत बंद कर देते हैं अधिकारी
गाजियाबाद। लंबित जन शिकायतों को निपटाने का काम गीता त्यागी कर रही हैं। इसके लिए वह सरकारी विभागों से सामंजस्य बनाकर लोगों से जुड़ीं समस्याओं को निपटा रही हैं। इसके लिए उन्होंने एक ट्रस्ट का गठन किया गया, जिसके बैनर तले वह काम में जुटी हुई हैं।
राकेश मार्ग निवासी गीता कहती हैं कि अभी चार महीने पहले उन्होंने अन्वय फाउंडेशन ट्रस्ट की स्थापना की है। जिसका मकसद जन समस्याओं का निपटारा है। वह कहती हैंं कि आए दिन खुले सीवर में किसी न किसी के गिरने की सूचना मिलती है। कई लोग ऐसे हादसों में जान भी गंवा चुके हैं। उन्होंने खुले सीवर की शिकायत पर गांधी नगर, राकेश मार्ग, बस अड्डे सहित चार जगह ढक्कन लगवाए। राकेश माग, कोट गांव, साहिबाबाद में पानी लीकेज की पाइप ठीक कराई। इंदिरापुरम न्याय खंड-एक पर रॉयल अपैक्स कॉस्टल सोसायटी ने खुले में जनरेटर रखा था, आईजीआरएस पर दर्जनों शिकायत के बाद भी इसे नहीं हटाया गया। बिना निवारण शिकायत बंद कर दी गई, तब इसे टीम संग मौके पर जाकर हटवाया गया। जगह-जगह पड़े कूड़े को भी हटवाया जा रहा है। वहां पेड़ पौधे लगवाने की योजना है, जिससे वहां दोबारा कूड़ा न डाला जा सके।
गीता कहती हैं कि अभी वह नगर निगम, प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग से सामजंस्य बैठाकर ही काम करवा रही हैं। जो थोड़ा बहुत चंदा मिला, उससे पुराने बस अड्डे की सब्जी मंडी की सफाई कराई गई और भूमिया माता का मंदिर की सफाई कराकर जीर्णोद्धार कराया जाएगा। उनके साथ पंचवटी की रेखा भी कंधे से कंधा मिलाकर जनता की समस्याओं के निस्तारण में जुटी हुई हैं। उनका कहना है कि हमारे ट्रस्ट का उद्देश्य केवल और केवल जनता की सेवा है।