- वंदेमातरम थीम पर सजा गोल्फलिंक का सिटी क्लब

- फूलों, सब्जियों, औषधीय, बोनसाई संग 100 प्रकार के पौधों की प्रजातियां उपलब्ध

गाजियाबाद। एक लाख रंग-बिरंगे फूलों से एनएच-9 स्थित गोल्फलिंक सोसायटी का सिटी क्लब शुक्रवार को महक उठा। 12वें फ्लावर शो एवं चटकारे का उद्घाटन जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार मांदड़ ने किया। तीन दिवसीय प्रदर्शनी के पहले दिन 22 कैटेगरी में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर बच्चों के लिए रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

प्रदर्शनी में वंदेमातरम की थीम पर फूल सजाए गए हैं। इस मौके पर वंदेमातरम के 150 साल पूरे होने और गीत के इतिहास के बारे में भी बताया गया। इस बार पर्यावरण व प्रदूषण के साथ-साथ ऑक्सीजन एवं इम्यूनिटी बूस्टर पौधे एवं योगा मुख्य आकर्षण का केंद्र हैं। इसके साथ ही किचन गार्डन, हँगिंग गार्डन, अर्बन माइनिंग, टेरेस गार्डन, वर्टिकल गार्डन, लैण्डस्कैपिंग, विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधे, वायु शोधन करने वाले पौधे, बोनसाई, कैक्टस, सैलुलेण्डस, हाइपरसोनिक, स्वदेशी पुष्प, फल एवं रसायन रहित (आर्गेनिक) सब्जियों का प्रदर्शन किया गया है। फ्लावर शो में कई प्रकार के खान-पान की दुकानों संग झूले और कई प्रकार के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इस अवसर पर नृत्य, योग साधना, गायन एवं फैशन शो आदि का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रमा त्यागी, रश्मि अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, डॉ. प्रभा, डीके शर्मा, केएन शर्मा, शिवानी जौहरी, जयायीत डे ने विशेष भूमिका निभाई।