बीएसएनएल के 25 साल पूरे, कब मिलेगा नेटवर्क...
गाजियाबाद। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को आज एक अक्तूबर को 25 साल पूरे हो गए, लेकिन कभी सबके दिलों पर राज करने वाले बीएसएनएल का नेटवर्क आज मुश्किल से मिलता है। आज इस कंपनी का नाम सुनकर कई लोग चौंक जाते हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जब हम कहीं बीएसएनएल से आने की बात करते हैं तो कई लोग कहते हैं कि यह अभी चल रहा है, हमें तो पता ही नहीं यानी आज यह चल रहा है या नहीं, इसकी भी किसी को जानकारी नहीं है।
गाजियाबाद के राजनगर कार्यालय में कार्यरत एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक बार हम केबल चोरी की एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचे तो हर कोई हमें ऐसा देख रहा था कि जैसे हम किसी तीसरी दुनिया से आएं हो। हमारी इमेज इतनी खराब हुई कि न तो किसी सरकारी कार्यक्रम में हमें बुलाया जाता है और अगर हम बुलाएं तो भी कोई नहीं आता है। भ्रष्टाचार की वजह से हमारा विभाग मजाक बनकर रह गया है। सरकार इसे आगे बढ़ाने का प्रयास तो कर रही है, लेकिन यह कब तक होगा, देखते हैं। पहले इस कार्यालय में तीन हजार कर्मचारी काम करते थे, अब मात्र डेढ़ सौ हैं। आज हम रजत जयंती समारोह मना रहे हैं, लेकिन वक्त से काफी पीछे पहुंच गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में 4जी स्वदेशी सिम लांच किया, लेकिन अफसोस बीएसएनएल के नेटवर्क मुश्किल से मिलते हैं। ग्राहक भी अब काफी कम हो गए हैं। अशोक नगर निवासी जितेंद्र कहते हैं कि उनका बीएसएनएल से बहुत अटैचमेंट रहा है, इसलिए आज तक उन्होंने सिम को बंद नहीं किया। पहले यह हिमालय की चोटी तक भी मिलता था, लेकिन अब शहर में भी नहीं मिलता। मैं इंतजार कर रहा हूं कि कब इसका सिस्टम अपडेट होगा और यह पहले की तरह काम करने लगेगा। दरअसल शहरों में एमटीएनएल के टॉवर थे, जिन्हें अभी तक अपडेट नहीं किया जा सका है, इस कारण इनका नेटवर्क नहीं मिलता है।
डीजीएम एडमिन वीके प्रबला का कहना है कि एनसीआर में एमटीएनएल के टॉवर हैं। जिन पर बीएसएनएल के नेटवर्क को अपडेट किया जा रहा है। इसकी टेस्टिंग चल रही है। टेस्टिंग पूरी होते ही यह अपडेट हो जाएंगे। अभी हमने वोडाफोन और आइडिया से नेटवर्क लिया है। जिसके पास भी 3जी सिम हैं, वह बदलकर 4जी सिम ले लें। इससे नेटवर्क की दिक्कत नहीं रहेगी। नोएडा, गुड़गांव, फरीदाबाद और गाजियाबाद में यह सेवा चालू हो गई है। शहर में एमटीएनएल के 61 टॉवर हैं। जिस पर काम तेजी से चल रहा है।
पहले से कम हुए ग्राहक
अगर वेस्ट यूपी के आंकड़ों पर गौर करें तो यहां पिछले साल यहां 12 लाख 94 हजार 819 लोगों ने सिम खरीदे और अभी सितंबर तक केवल तीन लाख 25 हजार 630 लोगों ने सिम खरीदे।
वहीं गाजियाबाद सर्किल में पिछले साल दो लाख 9 नौ हजार 198 लोगों ने सम खरीदे। वहीं इस साल सितंबर तक अभी तक 45082 लोगों ने ही यह सिम खरीदें हैं। हालांकि इस समय बीएसएनएल का 153 रुपये का प्लान सबसे सस्ता है। जिसमें प्रतिदिन डेढ़ जीबी डाटा, 100 मैसेज और अनलिमिटेड कॉल्स हैं, लेकिन नेटवर्क मिलेगा या नहीं, यह देखना होगा।
रजत जयंती पर निकाली गई रैली, हुए कार्यक्रम
एक अक्तूबर को रजत जयंती समारोह के अवसर पर सभी कार्यालयों में जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें योजनाओं की जानकारी दी गई और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। गाजियाबाद में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अभी 4जी लांच, जल्द 5जी भी आएगा
प्रधान महाप्रबंधक सुभाष चंद का कहना है कि अभी 4जी को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। देशभर में इसके लिए एक लाख 4जी टावर स्थापित हैं, जो भविष्य में 5जी सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 4जी ही अपडेट होकर 5जी में बदल जाएंगे। उनका कहना है कि यह स्वदेशी चिप साइबर ठगी से भी बचाएगी और यह पूरी तरह सुरक्षित है।