भोजपुर। बिहार में आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर चिमनी भट्ठा में देर रात प्रखंड प्रमुख के बेटे की गोली मार हत्या कर दी गई है। हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक को घेरकर छह गोलियां दागीं। गोलीबारी में उसकी मौत हो गई। वह घर से ब्लॉक जाने के लिए निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के अनुसार  मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव वार्ड नंबर 13 निवासी रमई राम सह सदर प्रखंड की प्रमुख जय कुमारी का बेटा 25  वर्षीय अखिलेश कुमार है । वह अपनी मां के साथ ही सदर प्रखंड में काम करता था। पिता रमई राम ने बताया कि वह हर रोज की तरह ही सुबह बाइक से सदर ब्लॉक जाने के लिए घर से निकला था और उसे सोमवार को तीन बजे तक ब्लॉक में देखा गया था। इसके बाद वह वहां से कहां गया। इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। 
इसी बीच देर रात गांव का चौकीदार उनके घर पहुंचा और कहा कि अखिलेश को गोली लग गई है यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए और वह  घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा तो अखिलेश वहा पड़ा था उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता ने किसी से दुश्मनी से इनकार किया है। इसके अलावा उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर किसी भी प्रकार की आशंका और आरोप नहीं लगाया है। 
हालांकि अखिलेश की गोली मारकर हत्या किसने और क्यों की। इसका कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिन्हा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। अखिलेश अपने तीन भाई और तीन बहनों में तीसरे नंबर का था। उसके परिवार में मां जय कुमारी, दो भाई अरविंद, शैलेश और तीन बहनें राजकुमारी देवी, किरण कुमारी, गीता कुमारी हैं। पुलिस हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।