प्रधानमंत्री स्वनिधि से आत्मनिर्भर बनीं बबीता, फूलों की छोटी सी ठेली बड़ी दुकान में हुई तब्दील
गाजियाबाद। नंदग्राम की रहने वाली बबीता शर्मा की प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिले ऋण से जिंदगी बदल गई। पहले जहां वह फूलों की ठेकी लगाती थीं, वहीं इस ऋण के लाभ से उन्होंने बड़ी दुकान ले ली और अब उनका काम अच्छा चल रहा है।
नंदग्राम में ऑटो स्टैंड के पास फूलों की दुकान चलाने वाली बबीता कहती हैं कि उनके पति घर छोड़कर चले गए। उसके बाद तीन बेटों को पालना मुश्किल हो गया। पहले वह छोटी सी फूलों की ठेली लगाती थीं, जिसे आए दिन पुलिसवाले हटा देते थे। जिससे वह बहुत परेशान थीं। कोविडकाल में तो घर चलाना मुश्किल हो गया। इसके बाद उन्हें किसी जानकार ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बारे में बताया। पहले उन्होंने 10 हजार का लोन लिया। यह शुरू में एक साल के लिए मिलता है। जिससे दुकान बढ़ाई, फिर 20 हजार का लोन लिया, जो 18 महीने के लिए मिलता है। इसे लेकर उन्होंने किराए की पक्की दुकान ले ली और इस समय उनके पास लड्डू गोपाल संग पोशाक, आभूषण सहित पूजा का हर सामान उपलब्ध है। इस समय होली के सामान भी रखे हुए हैं। तीसरी बार 24 हजार का लोन 24 महीने के लिए मिलता है, जो इस समय चल रहा है, जिसे वह जल्द चुका देेंगी। वह कहती हैं कि इस योजना ने उनकी जिंदगी बदल दी। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की शहर मिशन प्रबंधक भानुप्रिया ने बताया कि अब इस अनुदान की राशि बढ़ाकर 15 और 25 हजार कर दी गई है। तीसरी बार 50 हजार ही दिए जाएंगे। इस लोन को ठेली वाले या वेंडर पंजीकरण कराने के बाद ले सकते हैं। पहला लोन चुकाने पर दूसरा और दूसरा चुकाने पर तीसरी बार दो साल के लिए लोन मिलता है।