नई दिल्ली पहाड़गंज में सेना के जवान ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जवान की शिनाख्त राजस्थान के झुंझुनू निवासी मुरारी (23) के रूप में हुई है। शव के पास से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें जवान ने आत्मग्लानि से ग्रस्त होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। सुसाइड नोट में लिखा है कि उसने एक लड़की और उसने स्वजन को काफी परेशान किया था। इस बात का उसे अफसोस है। लड़की के बारे में वह अपने परिवार को भी नहीं बता सका।

इसी वजह से वह सुसाइड कर रहा है। अंत में मुरारी ने यह भी लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। मामले में मृतक के स्वजन ने हनीट्रैप का संदेह जताया है। पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से राजस्थान के झुंझुनू के रहने वाले मुरारी बिहार रेजीमेंट में थे। उनकी तैनाती पटना स्थित दफ्तर में थी। पिछले कुछ दिनों से वह छुट्टी पर झुंझुनू स्थित घर आए थे। नौ फरवरी को वह घर से ड्यूटी जाने के लिए निकले थे। उन्हें दिल्ली होकर बिहार जाना था।

इस बीच परिवार को बुधवार देर रात उनके आत्महत्या करने की खबर मिली। होटल स्टाफ ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 6.20 बजे मुरारी अकेले होटल आए थे। शाम को होटल छोड़ना था। स्टाफ को सोने जाने की बात कर उन्होंने शाम को उठाने के लिए भी कहा था। होटल स्टाफ ने शाम में उन्हें उठाने की कोशिश की तो दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में देर रात करीब 12.58 बजे लोकल पुलिस को इसकी खबर दी गई। क्राइम टीम की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो वहां पंखे से मुरारी का शव लटका मिला। उनका आइकार्ड गायब था।