अनुष्का-विराट अपनी सादगी भरी आउटिंग को लेकर चर्चा में
मुंबई । भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी धर्मपत्नी बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा फिर अपनी सादगी भरी आउटिंग को लेकर चर्चा में हैं। अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखने वाले विराट और अनुष्का का यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। उन्हें लंदन की सड़कों पर साथ टहलते हुए स्पॉट किया गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
वायरल तस्वीरों में विराट कोहली ऑलिव ग्रीन स्वेटशर्ट और डेनिम में कैजुअल लुक में नजर आए, वहीं अनुष्का शर्मा ने भी बेहद सिंपल और कंफर्टेबल लुक चुना, जिसमें वह टॉप, जॉगर्स, जैकेट और कैप में दिखाई दीं। दोनों सड़क पर साथ-साथ चलते नजर आए और उनके साथ एक खाली स्ट्रॉलर भी दिखा। एक तस्वीर में विराट स्ट्रॉलर संभालते दिखे, जबकि अनुष्का आराम से कॉफी पीती हुई उनके साथ चल रही थीं। एक दूसरी तस्वीर में दोनों सड़क पर एक महिला से बातचीत करते नजर आए। विराट और अनुष्का की यह झलक ऐसे समय में सामने आई है, जब दोनों की लंदन में मौजूदगी लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में विराट ने भी सोशल मीडिया पर अपनी और अनुष्का की निजी जिंदगी की एक छोटी-सी झलक शेयर की थी, जिसमें दोनों के मैचिंग सफेद जूते नजर आए थे। इस प्यारी-सी तस्वीर ने भी सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा था। बता दें कि विराट और अनुष्का ने 11 दिसंबर 2017 को इटली के लेक कोमो में शादी की थी।
इसके बाद दोनों बेटी वामिका के माता-पिता बने और 2024 में उनके बेटे अकाय का जन्म हुआ। दोनों अपने बच्चों को मीडिया की नजरों से दूर रखते हैं और अपनी फैमिली लाइफ को काफी प्राइवेट रखते हैं। विराट और अनुष्का के लंदन में रहने को लेकर भी काफी चर्चा रही है। हाल ही में डॉक्टर श्रीराम नेने ने बताया था कि कपल बच्चों को मीडिया की लगातार नजरों से दूर एक शांत माहौल में बड़ा करना चाहता था। हालांकि, दोनों भारत भी आते-जाते रहते हैं। वहीं, अनुष्का शर्मा के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह ‘चकदा एक्सप्रेस’ में पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट कप्तान झूलन गोस्वामी की भूमिका में नजर आने वाली हैं।