कोटकपूरा। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोटकपूरा में पकड़े गए भारी मात्रा में संदिग्ध देसी घी के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। लैब जांच में सैंपल फेल और 'अनसेफ' पाए जाने के बाद थाना सिटी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा की 'वर्सटाइल फूड्स एंड मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड' और कोटकपूरा की 'नारायण एग्रो फूड्स लिमिटेड' के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

टैंकर से बरामद हुआ था 22 हजार लीटर संदिग्ध घी

स्वास्थ्य विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि फरीदकोट रोड स्थित नारायण एग्रो फूड्स लिमिटेड की फैक्ट्री में एक टैंकर के जरिए भारी मात्रा में संदिग्ध देसी घी सप्लाई के लिए लाया गया है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने मौके पर पहुंचकर टैंकर को अपने कब्जे में लिया था, जिसमें करीब 22,000 लीटर संदिग्ध घी भरा हुआ था। इसके बाद अधिकारियों ने नियमों के तहत घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे थे।

लैब रिपोर्ट में सैंपल हुए फेल

फूड सेफ्टी अधिकारी नवदीप सिंह चहल ने बताया कि लैब से प्राप्त जांच रिपोर्ट में घी के सैंपल 'अनसेफ' (असुरक्षित) पाए गए हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने बिना किसी देरी के मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू की और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।

कंपनियों पर केस दर्ज, पुलिस जांच जारी

थाना सिटी कोटकपूरा के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर प्रारंभिक जांच के दौरान फिलहाल टैंकर के चालक और परिचालक की कोई संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस ने ग्रेटर नोएडा स्थित सप्लाई भेजने वाली कंपनी और कोटकपूरा की मंगवाने वाली फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।