भोपालमध्यप्रदेश में शिक्षक शिक्षा से जुड़े एनसीटीई (NCTE) पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तृतीय एवं अंतिम चरण की समय-सारणी जारी कर दी है। इसके तहत बीएड, एमएड, बीएलएड, बीपीएड और एमपीएड जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों में सारी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

प्रवेश प्रक्रिया का मुख्य शेड्यूल

  • ऑनलाइन आवेदन: 11 सितंबर से 13 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीयन और आवेदन किए जा सकेंगे।

  • दस्तावेज सत्यापन: ऑनलाइन जमा किए गए दस्तावेजों का सत्यापन 11 से 15 सितंबर के बीच होगा।

  • मेरिट सूची जारी होना: दस्तावेजों के सत्यापन के बाद 16 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी।

  • सीट आवंटन: मेरिट के आधार पर 17 सितंबर को विद्यार्थियों को सीटों का आवंटन किया जाएगा।

  • भौतिक सत्यापन: सीट मिलने के बाद 17 से 19 सितंबर तक आवंटित हेल्प सेंटर पर पहुंचकर मूल दस्तावेजों, टीसी और माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ भौतिक सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। केवल मेरिट में नाम या सीट आवंटन होना पर्याप्त नहीं है, प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए भौतिक सत्यापन जरूरी है।

  • फीस भुगतान: विद्यार्थियों को आवंटित महाविद्यालय में 17 से 20 सितंबर तक प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। तय समय-सीमा में फीस जमा न होने पर प्रवेश निरस्त माना जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर अपनी आवेदन और सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि प्रवेश में किसी प्रकार की असुविधा न हो।