गांधीनगर गुजरात के गांधीनगर स्थित कुडासन इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल से दूरभाष पर बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। कई घंटे चले गहन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में फंसे सभी 15 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाले गए मजदूर

कुडासन में बन रही इमारत में ढलाई (स्लैब डालने) का काम चल रहा था, तभी अचानक स्लैब का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबे के नीचे कई श्रमिक दब गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और आपदा राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने बेहद सावधानी से मलबा हटाकर सभी 15 मजदूरों को बाहर निकाला। इनमें से 12 श्रमिकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

अमित शाह और हर्ष सांघवी ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से बात कर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और स्थानीय विधायक अल्पेश ठाकोर भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। फायर ऑफिसर राजेश पटेल ने बताया कि बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई कर सभी जिंदगियों को सुरक्षित बचा लिया।

सुरक्षा मानकों की होगी गहन जांच

हादसे के बाद प्रशासन ने निर्माणाधीन इमारत में सुरक्षा के इंतजामों और स्लैब गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का किस हद तक पालन किया जा रहा था और लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।