सिलिंडर के बाद उपले भी हुए महंगे, प्रवासी छोड़ रहे आशियाना
- 10 के दो मिल रहे, पहले 5 मिलते थे, चार से 5 हजार का मिल रहा बिना बुकिंग का सिलिंडर
- प्रवासी मजदूर और किराएदार परेशान, घर लौटने को मजबूर
गाजियाबाद। सिलिंडर के बाद अब उपले भी महंगे हो गए हैं। इसके दामों में तिगुने की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही दूसरे राज्यों से काम की तलाश में आए प्रवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिना बुकिंग के सिलिंडरों के दामों कई गुना महंगे होने से वह गांव की ओर प्रस्थान करने लगे हैं।
अर्थला निवासी महेश ने बताया कि उनके घर के पास कुछ लोगों ने गाय, भैंस पाल रखी है। कभी-कभी जरूरत पड़ने पर उनसे उपले खरीद लेते थे, लेकिन अब उनके दाम तिगुने तक बढ़ गए हैं। पहले जहां 10 रुपये के पांच यानी दो रुपये का एक उपला मिलता था, वहीं अब पांच रुपये का एक यानी 10 के दो मिल रहे हैं। इस कारण उनके आसपास रहने वाले कई दूसरे राज्यों के मजदूर गांव लौटने लगे हैं। इनके पास बुकिंग वाले सिलिंडर तो हैं नहीं। बिना बुकिंग वाला सिलिंडर 4 से पांच हजार का मिल रहा है। चूल्हा मकान मालिक जलाने नहीं देता। ऐसे में प्रवासी घर लौट रहे हैं। ट्रांस हिंडन की सोसायटी के गार्ड बीरा ने बताया कि उसने तीन हजार में सिलिंडर भरवाया। उनका भाई राम सिंह महंगाई के कारण दो दिन पहले सपरिवार नेपाल लौट गया।
किराएदारों को भी आ रही दिक्कत
राजनगर एक्सटेंशन फेडरेशन ऑफ सोसायटीज के महासचिव अभिनव त्यागी ने बताया कि जिनके पास बुकिंग का सिलिंडर नहीं है ऐसे किराएदार भी परेशान हैं। फ्लैट में आप चूल्हा जला नहीं सकते। सिलिंडर बहुत महंगे मिल रहे हैं। जिनके पास पीएनजी के कनेक्शन हैं और सिलिंडर भी हैं। कुछ ऐसे लोगों से बात करके मदद करने का प्रयास किया जा रहा है।