यहां झट से जम जाती है आइसक्रीम, टुकड़े-टुकड़े काटकर किलो में बिकता है दूध
एजेंसी। दुनिया में एक शहर ऐसा भी है, जहां दूध में चीनी और फ्लेवर मिलाकर रख दो, बस झट से आइसक्रीम तैयार। यहां दूध भी टुकड़े-टुकड़े काटकर किलो में बिकता है। ऐसा होता है, साइबेरिया के याकुत्स्क में, जहां तापमान माइनस 50 डिग्री से भी नीचे चला जाता है और रिकॉर्ड स्तर पर आसपास के इलाकों में माइनस 71 डिग्री तक पहुंच जाता है।
यहां इतनी ठंड पड़ती है कि दूध बाहर रखते ही कुछ ही सेकंड में जमकर ठोस हो जाता है, इसलिए बाजार में दूध लीटर में नहीं, बल्कि किलो में बेचा जाता है। याकुत्स्क को दुनिया का सबसे ठंडा बसा हुआ बड़ा शहर माना जाता है। यहां बाजार में लोग मोटे-मोटे फर के कपड़ों में लिपटे हुए सुबह से शाम तक बाजार में सामान बेचते और खरीदते हैं। फ्रिज की कोई जरूरत नहीं होती। बाहर की हवा किसी बड़े फ्रीजर से ज्यादा ठंडी होती है। यहां लोग दूध को प्लास्टिक के बैग या बाल्टी में बाहर रख देते है। कुछ ही मिनटों में वह पूरी तरह जम जाता है, फिर इसे चाकू या कुल्हाड़ी से काटकर ठोस टुकड़ों में बेचा जाता है। फिर किलो के हिसाब से बेचा जाता है। लोग इसे घर लाकर गरम पानी में डालकर फिर से तरल बना लेते हैं। इसी तरह आइसक्रीम बनाना भी बहुत आसान है, बस दूध में चीनी और फ्लेवर मिलाकर बाहर रख दो, कुछ घंटों में तैयार ।