- संघर्ष समिति बोली, गड्ढे भरने के लिए ली थी, जीडीए ने भर दिए

- सड़क बनवाने में आएगा अधिक खर्चा, इतनी रकम में नहीं हो सकता काम, इसलिए लौटाई जा रही राशि
गाजियाबाद। हम तुम रोड के गड्ढे भरवाने को एकत्रित की गई रकम अब लोगों को वापस की जा रही है। संघर्ष समिति ने कुछ लोगों के पैसे लौटा भी दिए हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से गड्ढे भरने के बाद यह फैसला लिया गया है।
हम-तुम रोड संघर्ष समिति से जुड़े मुरारी लाल शर्मा का कहना है कि पहले सोचा था कि एकत्र रकम से सड़क पर रोलर चलवा दिया जाएगा, लेकिन आई रकम से यह काम नहीं हो सकता है। वह अधिक धनराशि का काम है। गड्ढे भर गए तो अब रकम वापस की जा रही है। 40 लोगों से 29100 रुपये जमा हुए थे। एक व्यक्ति ने काम शुरू होने पर 50 हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन जरूरत नहीं पड़ी। अब तक 20 से अधिक लोगों की राशि लौटाई जा चुकी है। समिति के मनजीत सिंह ने बताया कि अभी काम अधूरा है। गड्ढे भी आधी सड़क के भरे गए हैं, लेकिन बाकी काम में काफी रकम लगेगी। ऐसे में अब जीडीए का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दो महीने बाद सड़क निर्माण का वादा किया था, अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर धनराशि एकत्र करके काम कराने पर विचार किया जाएगा। अभी राशि लौटाई जा रही है।