बढ़ी गृहकर दरों के खिलाफ आधी दाढ़ी, आधी मूंछ मुड़ाकर शुरू होगा आंदोलन
गाजियाबाद। बढ़ी गृहकर दरों के खिलाफ 18 अप्रैल से आधी दाढ़ी, आधी मूंछ मुड़ाकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में इस आंदोलन में आरडब्ल्यूए, एओए, सामाजिक संगठन सहित प्रत्येक शहरवासी भाग लेंगे। इस संबंध में बृहस्पतिवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष अवधेश शर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर अवधेश शर्मा ने कहा कि शहरवासियों पर थोपे गए गृहकर और नगर निगम अधिकारियों के रवैये के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। नगर निगम की तानाशाही और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी के खिलाफ यह हुंकार पूरे देश में सुनाई देगी। उन्होंने कहा कि निगम की बोर्ड बैठक में गृहकर वृद्धि के प्रस्ताव को निरस्त हुए 9 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अफसोस की बात है कि शहर के जनप्रतिनिधि इसे लागू करवाने में पूरी तरह विफल रहे हैं। यह जनता के साथ विश्वासघात है कि सदन के निर्णय के बावजूद आज तक निगम अधिकारियों ने मिनट्स सार्वजनिक नहीं किए। जनप्रतिनिधियों की यह उदासीनता शहरवासियों के आर्थिक उत्पीड़न को बढ़ावा दे रही है। अगर 18 अप्रैल तक बढ़ी हुई टैक्स दरों को वापस नहीं लिया गया तो आधी दाढ़ी, आधी मूंछ के साथ अनोखा सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। आंदोलन की शुरुआत में सबसे पहले सोए हुए तंत्र और उदासीन जनप्रतिनिधियों की चेतना जगाने के लिए यज्ञ किया जाएगा। आधी दाढ़ी और आधी मूंछ का मुंडन कराकर जनता के बीच जाएंगे। शहर की हर गली और मोहल्ले में जाकर लोगों को जनप्रतिनिधियों की विफलता के प्रति जागरूक किया जाएगा। ज्ञापन देने के दौरान आरके गर्ग, दिनेश शर्मा, जयप्रकाश, आरके गोयल, कपिल सक्सेना, संजीव गुप्ता, सोनवीर तेवतिया, प्रीतपाल खोसला, विकल चौधरी, राजेश भारद्वाज, मनोज गौर, संतोष शर्मा, प्रीतम लाल, राजीव अग्रवाल आदि मुख्य से उपस्थित रहे।