अगर बीएसएनएल का सिम लेना है तो मोबाइल सेट देखकर लें
गाजियाबाद। अगर आप बीएसएनएल का सिम लेना चाहते हैं तो अपना मोबाइल सेट देखने के बाद ही इसे खरीदें। इसके लिए बीएसएनएल के जनसुविधा केंद्रों पर मोबाइल सेटों की लिस्ट देखकर आप नए नंबर के लिए आवेदन करें।
बीएसएनएल के एक रुपये में सिम की योजना फरवरी में बंद हो गई। अब आधार कार्ड बनवाने के अगर आपको ऑफलाइन टोकन लेना है तो उसके लिए आपको 290 रुपये का सिम खरीदना होगा। उसके बाद ही आपको ऑफलाइन टोकन मिलेगा अन्यथा आप ऑनलाइन आवेदन के बाद ही आधार कार्ड बनवा सकते हैं। लेकिन सिम लेने में सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि वेस्ट यूपी के कनेक्शन लेने पर नेटवर्क नहीं मिलता क्योंकि अभी तक जिले के एमटीएनएल के टॉवरों को बीएसएनएल के लिए अपडेट नहीं किया जा सका है। इससे नेटवर्क मिलने में दिक्कत होती है लेकिन यदि आप दिल्ली से 163 रुपये का सिम वाला कनेक्शन लेते हैं तो उसका नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर में आराम से मिलेगा। इसमें सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि यह मोबाइल की कुछ सीरीज पर ही चलता है। यह श्यामोजी के सभी सेट पर तो चल रहा है लेकिन वीवी, सैमसंग, नोकिया, ओप्पो, मोटोरोला की कुछ सीरीज पर ही चलता है। वन प्लस के किसी भी फोन में यह नहीं चलता है। ऐसे में नया नंबर लेने से अपने अपना फोन सेट चेक जरूर कर लें। इस संबध में राजनगर बीएसएनएल सीएससी इंचार्ज रेखा का कहना है कि दिल्ली वाले यह सिम गाजियबाद में राजनगर, कौशांबी और शाहदरा सीएससी केंद्र पर मिल रहे हैं। इसके लिए दिल्ली का एड्रेस प्रूफ होना चाहिए। डीजीएम प्रबल कुमार का कहना है कि शहर में टॉवर के अपग्रेडेशन का काम चल रहा है।
प्रतिदिन 20 से 25 बिक रहे 290 वाले सिम
रेखा कहती हैं कि एक रुपये की योजना जब थी तो प्रतिदिन 100 से 150 सिम प्रतिदिन बिक रहे थे, लेकिन 290 वाले 20 से 25 ही रोज बिक रहे हैं। अभी एक रुपये वाली योजना बंद है। मार्च में शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन कोई आदेश अभी तक नहीं आए।