गाजियाबाद। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलिंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की बढ़ती किल्लत के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में चूल्हे पर रोटी बनाकर विरोध जताया गया।

इस मौके पर विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों कारण आज आम आदमी परेशान है। वह एक बार फिर सिलिंडर के लिए लाइन में लग रहा है। नरेंद्र मोदी जबसे प्रधानमंत्री बने हैं, वह लोगों को लाइन में ही लगवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर के दामों में 60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 120 रुपये की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्तरां और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने आज गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। देश के कई हिस्सों से होटल और छोटे व्यवसायों के बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं। यह सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है। देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इस मौके पर मुकेश प्रजापति, जतिन शर्मा, स्वतंत्र यादव, एसपी सिसोदिया, पीयूष राठी, कृष्णा झा, रजनीश तेवतिया, रविंद्र कुमार, कुशल गोयत, संजय सिंह, सोढ़ी सिंह, अखिलेश कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।