फर्स्ट ऑनर पर होंगे चुनाव, वोटर लिस्ट नहीं देने वाले एओए पर कसेगा कानूनी शिकंजा
- समय से चुनाव न कराने वाली अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन पर सख्ती
रंजीता सिंह
गाजियाबाद। अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के चुनाव को लेकर कई सोसायटियों में चल रही खींचतान के बीच डिप्टी रजिस्ट्रार से सख्ती शुरू कर दी है। समय से चुनाव नहीं कराने वाले और मतदाता सूची नहीं देने वाले पदाधिकारियों पर बॉयलॉज की धारा के अनुसार पद के दुरुपयोग का केस दर्ज कराया जाएगा।
शहर की कई सोसायटियों में चुनाव प्रक्रिया लंबे समय से लंबित चल रही है। एओए पदाधिकारियों के आपसी मनमुटाव और विवाद के जगह यह बाधित हो रही है। कई जगह चुनाव कराना डिप्टी रजिस्ट्रार के लिए चुनौती बन गया है। डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का कहना है कि कई जगह चुनाव अधिकारी नियुक्त करने के बाद भी मतदाता सूची नहीं दी जा रही है। इससे चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। बॉयलॉज के अनुसार सभी जगह फर्स्ट ऑनर पर चुनाव कराए जाएंगे। यह बात सभी सोसायटियों को बता दी गई है। पत्र जारी कर दिया है। इसमें संशय की कोई वजह नहीं है। मतदाता सूची नहीं देने वाले पदाधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस समय राजनगर एक्सटेंशन की गुलमोहर गॉर्डन सोसायटी, ऑफिसर्स सिटी-दो और सेवी विला डे में चुनाव अधिकारी बनाने के बाद भी चुनाव नहीं हो सके हैं। गुलमोहर गॉर्डन सोसायटी के कालातीत रवि ओझा कहते हैं कि हमने मतदाता सूची दे दी है। यहां चुनाव अधिकारी राजेश तेवतिया ने चुनाव कराने के लिए लाख रुपये मांगे थे, हमने 70 हजार देने की सहमति दी है। पिछली बार इतने में ही चुनाव हुए थे। फर्स्ट ऑनर पर चुनाव की बात क्लीयर हो गई है।
ऑफिसर्स सिटी-दो के कालातीत अध्यक्ष गौरव सोनी कहते हैं कि हमें अभी मतदाता सूची के बारे में कोई पत्र नहीं मिला है। मिलते ही लिस्ट सौंप दी जाएगी। हम खुद चुनाव का वेट कर रहे हैं।
सेवी विला डे में चुनाव अधिकारी जिला बचत अधिकारी मयंक कुमार को बनाया गया है। उन्होंने भी चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निवासी विकास सिंह और सत्यजीत ने बताया कि मतदाता सूची सौंप दी गई है। वैभव कुमार का कहना है कि सभी को पत्र भेज दिया गया है। होली बाद चुनाव कराए जाएंगे। कहीं अगर चुनाव खर्च को लेकर दिक्कत आ रही है तो वह शिकायत कर सकता है।
गुलमोहर गॉर्डन सोसायटी : 1800 फ्लैट, 1300 मतदाता, दिसंबर 2025 से चुनाव लंबित
ऑफिसर सिटी-दो सोसायटी : 868 फ्लैट, 364 मतदाता, चुनाव अक्तूबर 2024 से लंबित
सेवी विला डे सोसायटी : 800 फ्लैट, 600 मतदाता, चुनाव जुलाई 2025 से लंबित