नई नौकरियां देने वाली कंपनियों और नए कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देगी केंद्र सरकार
- प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार के तहत अवसर बढ़ाने के प्रयास तेज
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार के तहत केंद्र सरकार नई नौकरियां देने वाली कंपनियों और नए कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देगी। यह राशि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) नए ईपीएफओ कर्मियों को प्रदान करेगा। रोजगार बढ़ाने के लिए यह योजना दो साल के लिए चलाई गई है। केंद्र की इस योजना में श्रम विभाग सहयोग कर रहा है।
श्रम विभाग के उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्र ने बताया कि यह राशि केवल नए ईपीएफओ पंजीकृत कर्मचारियों को ही दी जाएगी।
इस संबंध में ईपीएफओ के प्रवर्तन अधिकारी एसके ठाकुर ने बताया कि निर्माण क्षेत्र की कंपनियों को चार साल और अन्य कंपनियों को यह राशि दो साल के लिए दी जाएगी। कर्मचारियों को 15 हजार की राशि दो किस्तों में दी जाएगी। एक बार में 7500 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि छह-छह महीने पर मिलेगी। उन्हें यह धनराशि केवल एक साल ही दी जाएगी, जबकि कंपनी को दो साल तक पैसा दिया जाएगा। 10 हजार प्रतिमाह वेतन का रोजगार देने पर कंपनी को 1000 रुपये प्रतिमाह, 10 से 20 हजार प्रतिमाह का वेतन देने पर दो हजार रुपये प्रतिमाह और 20 हजार से अधिक वेतन देने पर कंपनी को प्रतिमाह 3000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दे साल तक दी जाएगी। यह धनराशि प्रति कर्मचारी के हिसाब से दी जाएगी। अभी तक बुलंदशहर में 557 और गाजियाबाद में हापुड़ सहित 4027 नए कर्मचारी पंजीकृत किए गए हैं। बागपत में 86, बिजनौर में 209, मेरठ में 1161, मुजफ्फरनगर में 467, सहारनपुर में 439, शामली में 28 नए कर्मचारी पंजीकृत किए जा चुके हैं।