जीडीए बोर्ड बैठक में नहीं उठा हम-तुम रोड का मुद्दा, लोग मायूस, छोटी सी सड़क पर हो रही राजनीति
गाजियबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में हम-तुम रोड का मुद्दा नहीं उठा। जिससे सात सोसायटियों के 15 हजार निवासी परेशान हैं। जीडीए ने ऑनलाइन शिकायतों की भरमार के बाद दबाव में आधी सड़क में गिट्टी डालकर इतिश्री कर ली और चुप्पी साध ली।
जीडीए अधिकारियों ने कुछ दिनों पहले बताया था कि 1.7 किमी सड़क को 24 मीटर तक चौड़ा करने के लिए 10 एकड़ से अधिक की भूमि अधिगृहीत की जानी है। 10 एकड़ से अधिक की जमीन है, इसलिए इसका प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा जाना अनिवार्य है, लेकिन 19 फरवरी को बैठक खत्म हो गई, लेकिन इस सड़क के मुद्दे पर कोई बात नहीं हुई। इससे हम-तुम रोड के दोनों ओर रहने वाले सोसायटियों के निवासी परेशान हैं। कुछ दिनों पहले दबाव में जीडीए ने आधी सड़क के गड्ढे भर दिए और अब चुप्पी साध ली।
इस संबंध में जीडीए के असिस्टेंट इंजीनियर लौकेश कुमार का कहना है कि सड़क का टेंडर हो चुका है। अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जो अभी पूरी नहीं हुई है। उसके बाद बीड खोल दी जाएगी। बोर्ड बैठक में मुद्दा क्यों नहीं उठा, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इस सड़क का काम देख रहे असिस्टेंट इंजीनियर सुरजीत का कहना है कि उन्होंने अभी तीन, चार दिन से काम देखना शुरू किया है। अभी पूरी जानकारी नहीं है। अभी वह सड़क देखने भी नहीं जा सके हैं। एक, दो दिन में निरीक्षण करने जाएंगे। इस संबंध में चीफ इंजीनियर ओलाक रंजन को कई बार फोन किया गया, मैसेज किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
सड़क पर हो रही वोट की राजनीति
निवासियों का कहना है कि इस सड़क को लेकर वोट की राजनीति हो रही है। इस समय विधायक, सांसद, विकास और अवस्थापना निधि से चारों ओर काम हो रहे हैं, केवल हमारी सड़क नहीं बन रही। यह फंड 31 मार्च तक खत्म करना तो तेजी से काम हो रहा है। निवासी मुरारी का कहना है कि मोरटा गांव में अधिक वोटर हैं तो उनकी सड़क बन गई। सोसायटियों में कम वोटर हैं तो हमें हमारे हाल पर छोड़ दिया है, सब वोट की राजनीति है।