बिल्डर पर अनुचित वसूली एवं विकास कार्य न करने का आरोप, दी शिकायत
- वसूली रकम वापस करने या समायोजित करने की मांग
- गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में दी शिकायत
गाजियाबाद। हम-तुम रोड स्थित महक जीवन सोसायटी एसोसिएशन ने बिल्डर पर अनुचित वसूली और विकास कार्य न करने का आरोप लगाते हुए जीडीए में शिकायत दी है। साथ ही अवैध पार्किंग बनाने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता मुरारी लाल शर्मा के अनुसार, फ्लैट की सुपर बिल्ट-अप एरिया में ओपन स्पेस एवं साझा क्षेत्र (कॉमन एरिया) की कीमत पहले ही वसूली जा चुकी है, इसके बावजूद बिल्डर ने हाइड्रोलिक पार्किंग के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की और यह दबाव बनाया कि बिना पार्किंग शुल्क दिए रजिस्ट्री नहीं की जाएगी। बिल्डर ने वादा खिलाफी कर घटिया क्वालिटी और कामन एरिया के नाम पर रुपये लेने के बाद नक्शे के विपरीत हाइड्रोलिक पार्किंग खड़ी कर हम फ्लैट आनर्स को ही बेचकर करोड़ों की धोखाधड़ी की है। खरीदे गए फ्लैट में कई अनियमितताएं पाई गई हैं। सुपर बिल्ट-अप एरिया में ओपन स्पेस एवं साझा क्षेत्र की कीमत पहले ही वसूली जा चुकी है, इसके बावजूद बिल्डर ने हाइड्रोलिक पार्किंग के नाम पर अतिरिक्त राशि ली और दबाव बनाया कि बिना पार्किंग के रजिस्ट्री नहीं होगी। बिल्डर ने हमसे एडीसी चार्ज (डेवलपमेंट चार्ज) की पूरी राशि वसूली, किंतु आज तक प्रोजेक्ट/सोसाइटी के बाहर सड़क एवं आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य पूरे नहीं किए। खरीदारों से एक ही सुविधा की कीमत दो बार वसूली जा रही है, जो उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम और रेरा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। हमारी मांग है कि हाइड्रोलिक पार्किंग के नाम पर लिए गए अतिरिक्त शुल्क की वापसी या समायोजन किया जाए। एडीसी चार्ज के नाम पर वसूले गए रुपये से तुरंत सड़क एवं बाहरी विकास कार्य पूर्ण करवाया जाए।
इस संबंध में बिल्डर अभिषेक मल्होत्रा का कहना है कि अभी तक खुले में बनाई गई पार्किंग किसी को अलॉट नहीं की गई है। नक्शे में बदलाव के लिए जीडीए में आवेदन किया गया है। मेंटीनेंस एओए को हैंडओवर कर दिया गया है। सभी आरोप बेबुनियाद हैं।